एक करोड़ का इनामी कमांडर मॉडेम बालकृष्ण मारा गया
गरियाबंद।11/09/25 छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के घने जंगलों में गुरुवार सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। संयुक्त अभियान के तहत E-30, विशेष कार्य बल (STF) और कोबरा बटालियन की टीम ने नक्सलियों पर बड़ा प्रहार किया। मुठभेड़ में करीब 10 नक्सली मारे गए हैं।
एक करोड़ का इनामी नक्सली कमांडर ढेर
इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। एक करोड़ का इनामी नक्सली कमांडर मॉडेम बालकृष्ण उर्फ मनोज उर्फ भास्कर मारा गया। 58 वर्षीय बालकृष्ण तेलंगाना के वारंगल जिले का रहने वाला था और बीते 35 वर्षों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था। वह संगठन की सेंट्रल कमेटी का सदस्य और केकेबीएन डिवीजन का प्रमुख था। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
डेढ़ साल में 500 नक्सली मारे गए
बीते तीन महीनों में यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले सुरक्षा बलों ने कुख्यात नक्सली कमांडर बसवराजू को मुठभेड़ में मार गिराया था। आँकड़ों के अनुसार, पिछले डेढ़ साल में 500 नक्सली ढेर, 20 वर्षों में लगभग 1500 नक्सली गिरफ्तार और 3000 से अधिक ने आत्मसमर्पण किया है।
यह अभियान नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार की कड़ी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
