22 वर्षीय युवती की लाश 21 घंटे बाद सुरंग से मिली
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के खतरनाक और प्रतिबंधित गजपल्ला वाटरफॉल में रविवार को एक और दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर निवासी 22 वर्षीय महविश खान पिकनिक मनाने आई थी, लेकिन रहस्यमय ढंग से पानी में डूबकर लापता हो गई। लगभग 21 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार दोपहर 1:45 बजे उसका शव वाटरफॉल के नीचे गुफा नुमा सुरंग से बरामद किया गया।
महविश रविवार शाम करीब 5 बजे अपने साथियों—चार युवतियों और दो युवकों के साथ गजपल्ला वॉटरफॉल पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पानी के तेज बहाव में वह खिंच गई और फिर नजर नहीं आई। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन में लगीं SDRF, पुलिस और नगर सेना की टीमें
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, गरियाबंद पुलिस, वन अमला और नगर सेना की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचीं। लगभग 23 जवानों की टीम ने अंधेरे, बारिश और खतरनाक पहाड़ी रास्तों के बीच गहन सर्च ऑपरेशन चलाया।
रेस्क्यू के दौरान यह पता चला कि वाटरफॉल के नीचे दो गहरे सुरंगनुमा जलमार्ग हैं, जिनकी गहराई करीब 30 से 40 फीट है। लगातार बारिश और बहाव ने रेस्क्यू को और मुश्किल बना दिया। SDRF के अंडरवॉटर कैमरे भी 10 फीट से नीचे जाकर काम करना बंद कर दे रहे थे। गोताखोर भी सुरंग में अंदर तक नहीं जा पा रहे थे। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने खतरे को और बढ़ा दिया।
प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंचते हैं पर्यटक?
स्थानीय प्रशासन ने पहले ही गजपल्ला वाटरफॉल को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर रखा है, बावजूद इसके पर्यटक गुप्त रास्तों से यहां पहुंचते हैं। लगभग 80 फीट ऊंची पहाड़ी की चढ़ाई और उतराई भी जानलेवा साबित हो रही है। प्रशासन की चेतावनी और साइनबोर्ड होने के बावजूद सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी की जाती है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, जिले में शोक की लहर
महविश खान की मौत की खबर जैसे ही फैली, पूरे गरियाबंद जिले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय नागरिकों ने भी हादसे को बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला बताया है।
प्रशासन की चेतावनी: दोहराए जा सकते हैं ऐसे हादसे
प्रशासन ने एक बार फिर सख्त अपील की है कि लोग प्रतिबंधित और खतरनाक स्थलों पर न जाएं। अगर ऐसा किया गया तो भविष्य में ऐसे हादसे बार-बार हो सकते हैं। पुलिस अब इस मामले में सुरक्षा उल्लंघन की जांच भी कर सकती है।
📍रिपोर्ट: एन भारत न्यूज, गरियाबंद ब्यूरो
