शहर के हजारों घरों में होती रही पानी की सप्लाई, निगम पर लापरवाही का आरोप**
दुर्ग | संवाददाता
दुर्ग नगर निगम क्षेत्र के जल घर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नियमित निरीक्षण के लिए पहुंचे कर्मचारियों ने पानी की टंकी के भीतर एक सड़ा-गला शव तैरता हुआ देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस और नगर निगम प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।
30 फीट गहरी टंकी से रोजाना होती थी पानी की सप्लाई
जल घर की टंकी लगभग 30 फीट गहरी है और इसी से शहर के हजारों घरों में प्रतिदिन पानी की आपूर्ति की जाती है। कर्मचारियों के मुताबिक, घटना से पहले पानी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी थी, जिससे अब जल आपूर्ति व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। आशंका है कि शव कई दिनों से टंकी में फंसा रहा और पानी का स्तर बढ़ने पर तैरकर ऊपर आ गया, जिसके बाद यह मामला सामने आया।

तीन दिन पुराना शव मिलने के बाद उठे सवाल
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने इस घटना को घोर लापरवाही करार देते हुए कहा कि तीन दिन पुराना शव टंकी में होने के बावजूद निगम द्वारा जल आपूर्ति जारी रखना नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ सीधी खिलवाड़ है। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शव सड़ी-गली अवस्था में मिला, पहचान नहीं हो पाई
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक की उम्र 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव अत्यधिक सड़-गल चुका है, जिसके कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि पुलिस की टीम ने एफएसएल अधिकारियों के साथ मिलकर मौके का निरीक्षण किया। शव जल घर की मशीनरी के पास फंसा हुआ मिला। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
जल आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद, टंकी की सफाई शुरू
पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर नगर निगम प्रशासन ने जल आपूर्ति को तुरंत रोक दिया है और पूरी टंकी की आपात सफाई और सैनिटाइजेशन के निर्देश जारी किए हैं।
निगम अधिकारियों का कहना है कि जल आपूर्ति बहाल करने से पहले संपूर्ण परीक्षण किया जाएगा।
