भिलाई में गर्भवती महिला से जांच के दौरान छेड़छाड़, डॉक्टर फरार — सुपेला पुलिस ने दर्ज किया मामला
भिलाई (दुर्ग)। संवाददाता — N भारत न्यूज़
दुर्ग जिले के भिलाई में एक गर्भवती महिला से मेडिकल जांच के दौरान छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना नेहरू नगर स्थित इमाजेस डायग्नोस्टिक सेंटर की है, जहां डॉक्टर गिरीश वर्मा पर जांच के बहाने महिला से अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरुवार (16 अक्टूबर) को अपने रूटीन अल्ट्रासाउंड के लिए सेंटर पहुंची थी। जांच के दौरान वहां कोई नर्स या महिला स्टाफ मौजूद नहीं था। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड मशीन की आड़ में उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छूने की कोशिश की, जिससे वह घबरा गई और तुरंत बाहर निकल आई।
सेंटर से बाहर निकलते ही महिला ने अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों सीधे सुपेला थाना पहुंचे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर डॉक्टर गिरीश वर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत से संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
घटना के बाद से आरोपी डॉक्टर फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने जांच केंद्र के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और उनकी जांच की जा रही है।
दुर्ग पुलिस की प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि, “महिला की शिकायत पर FIR दर्ज की जा चुकी है। पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल जांच कराई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई जारी है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के बाद शहर के मेडिकल सेंटरों में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
