जगदलपुर में कल 140 से अधिक नक्सलियों का आत्मसमर्पण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में लौटेंगे मुख्यधारा में
जगदलपुर।
छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी घटना होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में शुक्रवार, 17 अक्टूबर को 140 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण करेंगे। आत्मसमर्पण करने वालों में कई हार्डकोर नक्सली भी शामिल बताए जा रहे हैं।
इस सरेंडर कार्यक्रम का नेतृत्व नक्सली नेता रूपेश कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह समूह 100 से अधिक हथियारों के साथ मुख्यधारा में लौटेगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
🔹 माड़ क्षेत्र से नक्सलियों का जत्था हुआ रवाना
इस बीच माड़ इलाके से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नक्सलियों का जत्था इंद्रावती नदी पार करते हुए बीजापुर की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में माओवादियों को कंधों पर हथियार टांगे हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि उत्तर-पश्चिम सब-जोनल प्रभारी रूपेश की अगुवाई में करीब 140 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए भैरमगढ़ की ओर बढ़ रहे हैं।
🔹 कांकेर में भी 50 नक्सलियों ने किया था सरेंडर
उधर, कांकेर जिले के कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में बुधवार को 50 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था।
इनका नेतृत्व स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भास्कर मंडावी ने किया।
इस तरह, बीते दो दिनों में राज्य में करीब 190 से अधिक नक्सलियों का आत्मसमर्पण हो चुका है या होने वाला है।
🔹 सरकार का रुख – “रेड कार्पेट वेलकम”
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि
“बड़ी संख्या में नक्सली सरेंडर करने को तैयार हैं। हम उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेंगे।”
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में कल जगदलपुर में आत्मसमर्पण की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
पुलिस और प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारी में जुटा हुआ है।
📍 यह सरेंडर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बहाली की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है।
