चंडीगढ़ से बड़ी खबर – पुलिस विभाग में शोक की लहर
चंडीगढ़।
हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई. पूरन कुमार ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित अपने सरकारी आवास पर खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, जहाँ उनका शव बरामद हुआ। इसके बाद उन्हें तत्काल सेक्टर-16 के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अधिकारी ADGP रैंक के थे और वर्तमान में पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज, सुनारिया में पदस्थ थे। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम भी उनके आवास पहुँची और घटनास्थल से सबूत एकत्र किए जा रहे हैं।
पत्नी विदेश दौरे पर:
मिली जानकारी के अनुसार, वाई. पूरन कुमार की पत्नी आईएएस अधिकारी अमनपीत पी. हैं, जो इस समय एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान दौरे पर हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है।
2010 बैच के IPS अधिकारी थे:
वाई. पूरन कुमार 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। विभाग में उनकी छवि एक ईमानदार और स्पष्टवादी अधिकारी के रूप में जानी जाती थी।
प्रमोशन को लेकर उठाया था सवाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब एक साल पहले हरियाणा में चार बैच (1991, 1996, 1997 और 2005) के आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन को लेकर वाई. पूरन कुमार ने आपत्ति दर्ज कराई थी।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर यह कहा था कि प्रमोशन प्रक्रिया में केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस को ओवररूल कर केवल वित्त विभाग की सहमति के आधार पर निर्णय लिया गया, जो नियमविरुद्ध है।
अपने पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया था कि उन्होंने 11 अक्टूबर 2022 को तत्कालीन गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद को आवेदन देकर अनुरोध किया था कि 2001 बैच के अधिकारियों को DIG रैंक में पदोन्नति केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुरूप दी जाए। साथ ही उनका वेतन पुनर्निर्धारित कर एरियर भुगतान भी किया जाए।
उन्होंने इस विषय में रिमाइंडर पत्र भी भेजा था, लेकिन अब तक उसका कोई निपटारा नहीं हुआ था।
विभाग और पुलिस जगत में शोक की लहर
घटना की खबर मिलते ही हरियाणा पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे पुलिस सेवा के लिए बड़ी क्षति बताया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
🕯️ “N भारत न्यूज” मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है और परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना करता है।
