महिला आरक्षकों से अमर्यादित व्यवहार पर दो पुलिसकर्मी बर्खास्त, SP विजय पांडेय ने की सख्त कार्रवाई

Spread the love

महिला आरक्षकों से अमर्यादित व्यवहार पर दो पुलिसकर्मी बर्खास्त, SP विजय पांडेय ने की सख्त कार्रवाई
एक मामला आत्महत्या, दूसरा अश्लील हरकतों से जुड़ा; विभागीय अनुशासनहीनता पर प्रशासन सख्त

जांजगीर।
पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और महिला आरक्षकों के साथ अमर्यादित व्यवहार के दो गंभीर मामलों में पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने सख्त रुख अपनाते हुए दो आरक्षकों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। दोनों मामलों में दोषी कर्मचारियों का आचरण न केवल विभागीय मर्यादा के विरुद्ध पाया गया, बल्कि इससे महिला पुलिसकर्मियों की गरिमा को भी ठेस पहुंची।

पहला मामला एक महिला आरक्षक की आत्महत्या से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक दुष्यंत पांडेय का अपनी ही विभाग की एक महिला आरक्षक के साथ प्रेम संबंध था, जो कुछ समय पूर्व टूट गया। संबंध विच्छेद के बाद महिला आरक्षक मानसिक तनाव में आ गई थीं और अंततः उन्होंने निलयम कॉलोनी स्थित अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच में पाया गया कि दुष्यंत पांडेय का व्यवहार अमर्यादित, अनैतिक और विभागीय अनुशासन के विरुद्ध था। इसे गंभीर अपराध मानते हुए उन्हें सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया।

दूसरा मामला आरक्षक नारद ताम्रकार से जुड़ा है, जो रक्षित केंद्र जांजगीर में पदस्थ था। नारद पर एक महिला आरक्षक को अश्लील तस्वीरें भेजने और चरित्र हनन जैसे गंभीर आरोप लगे थे। जांच में ये आरोप प्रमाणित पाए गए, जिसके आधार पर उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया और उन्हें भी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।

इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत गया है कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की अमर्यादित, अनैतिक या महिला कर्मचारियों के प्रति असम्मानजनक व्यवहार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय की यह पहल विभागीय अनुशासन और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *