आपातकालीन सेवाएं भी बंद, स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने की चेतावनी
📍 संवाददाता: सौरभ साहू | लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर, 17 अगस्त:
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के 16,000 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सरकार की बेरुखी और मांगों की अनदेखी से नाराज़ होकर एनएचएम कर्मचारी संघ ने यह बड़ा कदम उठाया है।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी, महासचिव कौशलेश तिवारी, डॉ. रविशंकर दीक्षित, पूरन दास, हेमंत सिन्हा, श्याम मोहन दुबे और प्रफुल्ल कुमार ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि इस बार आंदोलन सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि अनिश्चितकालीन होगा।
सबसे गंभीर बात यह है कि इस बार आपातकालीन सेवाएं, जैसे कि एसएनसीयू (Special Newborn Care Unit) को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है, जिसकी पूर्व सूचना शासन को दे दी गई है।
✍️ मुख्य मांगे, जो बनी आंदोलन की वजह:
- संविलियन / स्थायीकरण
- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
- ग्रेड पे का निर्धारण
- कार्य मूल्यांकन में पारदर्शिता
- लंबित 27% वेतन वृद्धि
- नियमित भर्ती में सीटों का आरक्षण
- अनुकंपा नियुक्ति की सुविधा
- मेडिकल व अन्य अवकाश
- स्थानांतरण नीति
- न्यूनतम ₹10 लाख कैशलेस चिकित्सा बीमा
🩺 20 वर्षों की सेवा, फिर भी उपेक्षा
एनएचएम कर्मचारी पिछले दो दशकों से राज्य के दूरस्थ अंचलों से लेकर शहरी अस्पतालों तक स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ बने हुए हैं। कोविड-19 महामारी जैसे संकट में भी इन्होंने जान जोखिम में डालकर कार्य किया।
इसके बावजूद उन्हें आज तक न तो स्थायी किया गया है, न ही अन्य राज्यों के बराबर सुविधाएं दी गई हैं।
🗣️ राजनीतिक वादे, अब मौन समर्थन
संघ के प्रवक्ता पूरन दास ने बताया कि वर्तमान सरकार के कई वरिष्ठ नेता – जैसे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप – पूर्व में एनएचएम मंचों पर आकर समर्थन जता चुके हैं।
यहां तक कि चुनाव पूर्व “मोदी की गारंटी” में नियमितीकरण का वादा भी किया गया था। मगर बीते 20 महीनों में 160 से अधिक बार ज्ञापन व आवेदन दिए जाने के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
⚠️ स्वास्थ्य सेवाएं होंगी प्रभावित – संघ की चेतावनी
संघ का कहना है कि सरकार तत्काल वार्ता की पहल करे, अन्यथा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा सकती हैं। इसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी।
सूरजपुर जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने बताया कि जिले के 640 से अधिक NHM कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं।
📌 N भारत न्यूज़ – सौरभ साहू की रिपोर्ट, सूरजपुर ब्यूरो
