सम्पादक: रविशंकर गुप्ता
स्थान – तिल्दा-नेवरा (रायपुर)
तिल्दा-नेवरा। दीपावली पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर लगाम कसते हुए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में 45 लोगों को जेल भेजा, वहीं 60 से अधिक व्यक्तियों पर बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसे क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। रायपुर जिले की तिल्दा-नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने दीपावली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सघन पेट्रोलिंग की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दीपावली के पहले ही असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ा दी गई थी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य था कि त्योहार के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो। इसके लिए थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीण अंचल के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया गया।
संयुक्त टीम ने क्षेत्र में लगातार रात्रि गश्त (पेट्रोलिंग) करते हुए संदिग्धों पर नजर रखी। पुलिस ने उत्पात मचाने वाले तत्वों और संदिग्धों को संज्ञेय अपराध घटित करने से पहले ही हिरासत में ले लिया।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने धारा 170 B.S.M.S के तहत 46 आरोपियों को जेल भेजा और 60 से अधिक व्यक्तियों पर न्यायालय से बाउंड ओवर की कार्रवाई कराई।
पुलिस की सजगता और थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के कुशल नेतृत्व की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनके नेतृत्व में दीपावली पर्व शांति और सौहार्द्र के माहौल में संपन्न हुआ।
