रायपुर, 11 अक्टूबर 2025
16 हजार कर्मचारियों में निराशा — कैबिनेट बैठक में नहीं हुआ निर्णय, बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली भी अधर में
दीपावली से पहले टूटी 25 बर्खास्त कर्मचारियों की उम्मीद
राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के लगभग 16 हजार कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। हाल ही में हुई राज्य सरकार की कैबिनेट बैठक में एनएचएम कर्मचारियों की मुख्य मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।
हालांकि शासन द्वारा एनएचएम कर्मियों को 1 जुलाई 2023 से 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि का लाभ देने का आदेश जारी किया गया है, किंतु आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि यह लाभ केवल उन कर्मचारियों को मिलेगा जिन्होंने 1 जुलाई 2023 तक कम से कम एक वर्ष की सेवा पूर्ण की हो।
इस कारण से लगभग 1500 से अधिक कर्मचारी इस वेतन वृद्धि के लाभ से वंचित रह जाएंगे।
गौरतलब है कि बीते दिनों एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी नियमितीकरण, संविलियन और अन्य 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार 33 दिनों तक हड़ताल की थी।
इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी एवं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा —
“25 बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली एवं अन्य लंबित मांगों पर निर्णय न होना कर्मचारियों के लिए अत्यंत निराशाजनक है।”
उन्होंने आगे कहा —
“एनएचएम कर्मचारी अपने अधिकारों और न्याय की प्राप्ति के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।”
🗞️ N. भारत न्यूज़
(सम्पादक — रविशंकर गुप्ता)
