मुख्यमंत्री दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस समारोह में हुए शामिल
📍 रायपुर, 15 सितम्बर 2025
राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आज 66वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दूरदर्शन परिवार को शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदर्शन ने केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारों को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने रामायण-महाभारत जैसे धारावाहिकों, “मिले सुर मेरा तुम्हारा” जैसे गीत और समाचारों की गरिमा को दूरदर्शन की पहचान बताया।
उन्होंने कहा कि रायपुर दूरदर्शन के “हमर चिन्हारी” जैसे कार्यक्रमों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुँचाया है। कृषि, महिला व युवा कार्यक्रमों के जरिए समाज के हर वर्ग को जोड़ा गया है।
संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ की कला और परंपराओं को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने में बड़ा योगदान दिया है।
कार्यक्रम में रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक श्री संजय कुमार मिश्र समेत अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
